Jaisalmer crime News: मादक पदार्थ तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 10 गिरफ्तार

Jaisalmer crime News: मादक पदार्थ तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 10 गिरफ्तार

जैसलमेर जिला पुलिस ने मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले एक पखवाड़े में बड़ी कार्रवाई करते हुए दस आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन कार्रवाइयों में अफीम, एमडीएमए और स्मैक जैसे अवैध मादक पदार्थ जब्त करने के साथ दो कार और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। यह अभियान अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध शाखा के आदेशानुसार और महानिरीक्षक पुलिस जोधपुर रेंज के पर्यवेक्षण में चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक जैसलमेर अभिषेक शिवहरे के निर्देशों पर रेवन्तदान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जैसलमेर और रूपसिंह ईन्दा वृताधिकारी वृत जैसलमेर के निर्देशन में समस्त थानाधिकारियों को मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

इसी के तहत, पुलिस थाना कोतवाली जैसलमेर के थानाधिकारी सुरजाराम और उनकी टीम ने विभिन्न तिथियों पर कार्रवाई की।.पुलिस ने 12 अप्रेल को जसाराम विश्नोई को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 44.23 ग्राम अफीम का दूध जब्त किया। इसके बाद 14 अप्रेल को प्रहलादसिंह को 231.87 ग्राम निर्मित अफीम, 49.85 ग्राम एमडीएमए और एक कार के साथ पकड़ा गया। 22 अप्रेल को सुनिल उर्फ बाबु कबाडी, साहिल वाल्मीकि, लक्ष्मण वाल्मीकि और तरुण उर्फ सोनु वैष्णव को 4.31 ग्राम एमडीएमए और एक स्विफ्ट कार के साथ गिरफ्तार किया गया।

अशोक पालीवाल और चन्द्रप्रकाश पालीवाल उर्फ छोटू को 25 अप्रेल को 12 ग्राम एमडीएमए और मोटरसाइकिल के साथ दबोचा गया। वहीं, 26 अप्रेल को मोहित राठौड और मुकेश पुरोहित को 12.39 ग्राम अवैध स्मैक और मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना कोतवाली में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विस्तृत अनुसंधान जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक शिवहरे ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *