Jaipur News : जयपुर. हसनपुरा में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बुधवार देर रात लोगों ने हटवाड़ा रोड पर जाम लगा दिया। कार्रवाई की मांग को लेकर लोग सड़क पर बैठ गए और दूसरे पक्ष के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गए। लोगों ने अजमेर रोड पर भी रास्ता रोकने का प्रयास किया। इस घटनाक्रम के बाद सिविल लाइंस से भाजपा विधायक गोपाल शर्मा पुलिस की कार्यशैली पर भड़क गए। पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी तकरार के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें विधायक पुलिस पर तीखे सवाल उठाते और अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं।
एक वीडियो में विधायक पुलिस अधिकारी से कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘जयपुर पुलिस से घटिया कोई पुलिस राजस्थान में नहीं है।’ वहीं, दूसरे वीडियो में एसएचओ को लेकर कहते नजर आ रहे हैं कि वे उसे नहीं जानते, क्योंकि वह जानने लायक ही नहीं है।
पुलिस अधिकारी से तीखी बहस
वायरल वीडियो में विधायक पुलिस अधिकारी से बातचीत के दौरान जयपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नजर आ रहे हैं। दूसरे वीडियो में उन्होंने एसएचओ को लेकर भी तल्ख टिप्पणी की। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर विधायक की नाराजगी सामने आई है। इस मामले में विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि मुझे कुछ नहीं कहना है। रात को जो घटनाक्रम हुआ उस समय जो परिस्थिति थी, उस आधार पर कह दिया था।
हसनपुरा विवाद: सड़क पर उतरे लोग, पुलिस ने 11 जनों को पकड़ा
हसनपुरा में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद उपजे तनाव के मामले में पुलिस ने अब तक 11 व्यक्तियों को पकड़ा है। बुधवार देर रात एक पक्ष के व्यक्ति को थप्पड़ मारने के विरोध में लोग सड़क पर उतर आए थे। प्रदर्शनकारियों ने हटवाड़ा रोड पर जाम लगाकर दूसरे पक्ष के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 व्यक्तियों को देर रात गिरफ्तार किया, जबकि गुरुवार को 4 अन्य को पकड़ा।
थानाप्रभारी यशवंत यादव ने बताया कि बुधवार देर रात सोडाला निवासी फैजान, शहजाद, रेहान और आफताब के अलावा हटवाड़ा रोड सदर निवासी मोहम्मद चिराग व वसीम खान तथा राजीव नगर हटवाड़ा रोड सदर निवासी नईम को गिरफ्तार किया गया। गुरुवार को चार लोगों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी राजीव नगर निवासी अप्पू उर्फ हुसैन, अरशद, अनस और जुबेर को गिरफ्तार कर लिया।
देर रात तक समझाइश, फिर खुला जाम
विवाद के बाद आक्रोशित लोगों ने पहले हसनपुरा के हटवाड़ा रोड और फिर अजमेर रोड पर जाम लगा दिया था। इससे यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर सोडाला और सदर थाना पुलिस पहुंची। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से समझाइश की। देर रात करीब 2 बजे तक बातचीत का दौर चला। पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोल दिया।

