राजस्थान में जयपुर के पास शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार जयपुर ग्रामीण जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 148 पर शुक्रवार सुबह यह हादसा तब हुआ जब कार का टायर फट गया और वह पलटकर खाई में गिर गई।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर रायसर थाना क्षेत्र में हुआ। कार में सवार छह लोग खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद आगरा लौट रहे थे। थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि टायर फटने के कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे एक खाई में जा गिरी।
मृतकों की पहचान आगरा के रहने वाले अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा के रूप में हुई है। घायल राहुल और अर्पित का इलाज चल रहा है। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
थानाधिकारी ने बताया कि हादसे के कारण राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

