शिवपुरी के आईटीआई कॉलेज हॉस्टल से एक 19 वर्षीय छात्रा नंदनी लोधी लापता हो गई है। छात्रा 10 अगस्त को दोपहर में हॉस्टल से दो दिन की छुट्टी लेकर प्रैक्टिकल देने के लिए निकली थी, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला है। परिजनों की शिकायत पर खनियाधाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मुहारीकला निवासी जागेश कुमार लोधी ने पुलिस को बताया कि उनकी छोटी बहन नंदनी शिवपुरी आईटीआई कॉलेज में कंप्यूटर डिप्लोमा कर रही थी और कॉलेज के हॉस्टल में रहती थी। वह 10 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे हॉस्टल से निकली थी। 11 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे नंदनी ने किसी अन्य मोबाइल नंबर से अपने भाई को फोन कर बताया कि वह पिछोर में प्रैक्टिकल देने आ रही है। भाई दोपहर करीब 1 बजे तक पिछोर में उसका इंतजार करता रहा, लेकिन नंदनी वहां नहीं पहुंची। इसके बाद भाई शिवपुरी स्थित आईटीआई कॉलेज हॉस्टल पहुंचा, जहां उसे बताया गया कि नंदनी एक दिन पहले ही हॉस्टल छोड़ चुकी थी। परिजनों ने शिवपुरी, पिछोर और रिश्तेदारों के यहां भी नंदनी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बताया गया है कि नंदनी के पास अपना मोबाइल फोन भी नहीं था। परिजनों की सूचना के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस अब छात्रा की तलाश में आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर जांच कर रही है।


