टीकमगढ़ जिले के बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक सड़क हादसा हुआ। सरिया से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। इस दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रैक्टर का ड्राइवर और एक अन्य मजदूर मौके से फरार हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली बल्देवगढ़ से सरिया भरकर लखेरी गांव की ओर जा रही थी। रास्ते में कैलपुर गांव के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और पुलिया के नीचे जा गिरा। हादसे में 30 वर्षीय मजदूर रामेश्वर रैकवार की मौके पर ही मृत्यु हो गई। रामेश्वर गुरार का खिरक का निवासी था। वहीं, एक अन्य मजदूर अभिषेक सेन ट्रैक्टर के नीचे बुरी तरह दब गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैक्टर के नीचे फंसे अभिषेक सेन को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनें बुलाई गईं। जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को पलटाकर मजदूर को बाहर निकाला गया और उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक और एक अन्य मजदूर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रैक्टर चालक का पता लगाया जा रहा है।


