Ishan Kishan 100: 21 चौके, 2 छक्के और 171 रन, Duleep Trophy 2026 के फाइनल में ईशान किशन का गरजा बल्ला

Ishan Kishan 100: 21 चौके, 2 छक्के और 171 रन, Duleep Trophy 2026 के फाइनल में ईशान किशन का गरजा बल्ला

East Zone vs South Zone Final: दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में दूसरे दिन लंच तक ईस्ट जोन ने 5 विकेट गंवाकर 491 रन बना लिए थे, जिसमें ईशान किशन 171 रन बनाकर नाबाद थे। 

Ishan Kishan In Duleep Trophy 2026 Final: दलीप ट्रॉफी 2026 का खिताबी मुकाबला ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच चेन्नई के एम. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे दिन लंच तक 171 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 21 चौके और दो छक्के लगाए हैं। ईशान की इस पारी की बदौलत ईस्ट जोन ने लंच तक 491 रन बना लिए हैं। ईशान के अलावा कुमार कुशाग्र 101 रन बनाकर आउट हुए, तो शिखर मोहन ने 85, वैभव सूर्यवंशी ने 44 और अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन की पारी खेली।

पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी

इस मुकाबले में ईशान किशन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अभिमन्यु ईश्वरन और वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की और वैभव सूर्यवंशी 37 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अभिमन्यु 72 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

शिखर मोहन ने 120 गेंदों में 9 चौके और तीन छक्कों की मदद से 85 रन की पारी खेली। हालांकि, संदीप कुमार इस पारी में कुछ ज्यादा खास नहीं कर पाए और 25 गेंदों का सामना करने के बाद 6 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और कुमार कुशाग्र के बीच चौथे विकेट के लिए 230 रन की साझेदारी हुई और दोनों ने मिलकर सिर्फ 287 गेंदों में 230 रन जोड़ लिए।

कुमार कुशाग्र शतक पूरा करने के बाद पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और पांच छक्के लगाए। कुमार कुशाग्र के आउट होने के बाद अनुकूल रॉय ईशान किशन का साथ देने आए और दोनों के बीच अब तक 20 रन की साझेदारी भी हो चुकी है।

2 बार खिताब जीत चुकी है ईस्ट जोन

ईस्ट जोन ने दो बार दलीप ट्रॉफी का खिताब जीता है, तो साउथ जोन 13 बार चैंपियन रही है और आखिरी खिताब 2030 में जीता था। ईस्ट जोन की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहेगी, ताकि वह पहली पारी में बढ़त ले सके, क्योंकि अगर मैच ड्रॉ होता है और जो भी टीम पहली पारी के बाद बढ़त लेती है, उसे चैंपियन घोषित कर दिया जाएगा।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *