मेरठ के गंगानगर इलाके में सोमवार देर रात नशे में धुत युवकों ने उत्तराखंड डिपो की बस में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और चार आरोपियों को दबोच लिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी आरोपियों की डाक्टरी करा दी गई है। उत्तराखंड डिपो की एक बस सोमवार रात दिल्ली से वापस कोटद्वार जा रही थी। गंगानगर इलाके में नाले के पास मौजूद चार युवकों ने दूर से बस को रुकने का इशारा किया। जब चालक ने कोई तवज्जो नहीं दी युवक सड़क पर आ गए और चालक को ब्रेक लगाने को मजबूर कर दिया। परिचालक से हुई युवकों की नोकझोंक
बस के ब्रेक लगते ही चारों युवक उसमें चढ़ गए। परिचालक बिजनौर निवासी प्रदीप कुमार ने जब युवकों की हरकतों पर टोका तो युवक आग बबूला हो गया। उन्होंने परिचालक के साथ पहले गाली गलौज और फिर मारपीट कर दी। सवारियों ने विरोध किया तो युवक और ज्यादा उग्र हो गए। बस पर किया पथराव, मची भगदड़
बताया जाता है कि सवारियों के विरोध के चलते चारों युवक नीचे तो उतर आए लेकिन उन्होंने बदला लेने की ठान ली। युवकों ने बस पर पथराव कर दिया। इससे बस में मौजूद सवारियों में चीख पुकार मच गयी। कुछ लोग नीचे उतर आए और उन्होंने युवकों को दबोचकर पुलिस को सूचित कर दिया। चारों युवकों को लिया हिरासत में
सूचना पाकर गंगानगर पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने लोगों द्वारा पकड़े गए चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में इन युवकों ने अपने नाम शाहपुर निवासी जयंत, सदर बाजार निवासी ध्रुव, लक्की और पुलकित के रूप में कर दी। इसके बाद पुलिस सभी को थाने लेकर आ गई। तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
इंस्पेक्टर गंगानगर विनय कुमार ने बताया कि बस में तोड़फोड़ करने वाले चारों युवकों को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल सभी लॉकअप में हैं। जहां तक कार्रवाई की बात है तो तहरीर मिलने पर जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।


