IND vs SL 2nd Test Day 2: भारत ने श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में 503/9 के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित कर दी है। शुभमन गिल गॉल वाली गलती नहीं दोहराई है, जब उन्होंने आखिरी विकेट हाथ में होने के बाद दूसरे दिन के आखिर में पारी घोषित न कर तीसरे दिन भी खेला था।
IND vs SL 2nd Test Day 2 Highlights: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज दूसरा मैच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेला जा रहा है। दूसरे दिन भारत ने 9 विकेट के नुकसान पर 503 रन बनाते हुए अपनी पारी घोषित कर दी है, ताकि आखिरी सेशन में श्रीलंका के तीन-चार विकेट चटकाकर मैच में और भी मजबूत पकड़ बनाई जा सके, क्योंकि अभी तीसरे सेशन में 20 ओवर से ज्यादा का खेल बाकी है। अगर, बारिश खलल नहीं डालती है, तो भारत श्रीलंका की पहली पारी में जल्दी समेटकर उसे फॉलोआन खेलने को मजबूर कर सकता है और पारी से बड़ी जीत दर्ज कर सकता है।
गॉल टेस्ट में टेल एंडर्स से बैटिंग कराने पर शुभमन गिल पर उठे थे सवाल
गॉल में तीसरे दिन सुबह दो टेल एंडर्स से बल्लेबाजी कराने को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर डोडा गणेश ने काफी आलोचना की थी। क्योंकि तीसरे दिन भारतीय टीम अपने स्कोर में सिर्फ दो रन जोड़ते हुए अपनी पहली पारी में 462 रन पर आलआउट हो गई थी। कुलदीप यादव एक गेंद पर एक रन और प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 गेंदों एक रन बनाकर आउट हो गए और भारत की पारी भी समाप्त हो गई।
सवाल किए गए कि चार गेंद खेलने के लिए 15 मिनट का खेल खराब हुआ। इस दौरान भारतीय गेंदबाज 3-4 ओवर गेंदबाजी कर सकते थे। वहीं, टीम इंडिया की डिफेंसिव सोच की आलोचना करते हुए यह भी कहा गया कि भारत को दूसरे दिन ही 6-7 ओवर श्रीलंका को खिलाने चाहिए थे, लेकिन शुभमन गिल और गौतम गंभीर ने ऐसा नहीं किया। शायद गिल ने पिछले मैच की उसी गलती को सुधारते हुए कोलंबो टेस्ट के दूसरे दिन तीसरे सेशन में करीब 20 ओवर शेष रहते अपनी पारी को घोषित कर दिया है।
खराब शुरुआत के बाद संभली भारतीय पारी
सोमवार को दूसरे दिन 300/5 से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। सारांश जैन अंतरराष्ट्रीय करियर की पहली टेस्ट पारी में सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद पंत और जुरेल ने सातवें विकेट के लिए 152 गेंदों में 112 रनों की पार्टनरशिप की। पंत और जुरेल की बल्लेबाजी के चलते दूसरे दिन के पहले सेशन में भारत ने सिर्फ एक विकेट गंवाया। दूसरा सेशन में दो बड़े विकेट गंवाए। ऋषभ पंत फिर खराब शॉट खेलकर आउट हुए। पंत ने 89 गेंदों पर 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। इसके बाद मानव सुथार 18 रन बनाकर आउट हुए।
ध्रुव जुरेल ने खेली शानदार 115* रन की पारी
ध्रुव जुरेल ने एक छोर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना टेस्ट शतक पूरा किया। जुरेल ने 177 गेंदों का सामना करते हुए 115 रन की पारी खेली। जुरेल अपनी इस पारी में 9 चौके और दो छक्के लगाए। इस दौरान जैसे ही भारत का स्कोर 500 के पार यानी 503/9 पर पहुंचा तो शुभमन गिल ने पारी घोषित कर दी।
Sports – Patrika | CMS




