IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल टेस्ट रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद श्रीलंका को जीत के लिए 288 रन चाहिए, जबकि भारत को आखिरी दिन 6 विकेट की तलाश है।
IND vs SL 1st Test Day 5 Update: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है, जहां चार दिन का खेल खत्म हो चुका है और श्रीलंका को जीत के लिए 288 रन की दरकार है। आखिरी दिन टीम इंडिया को जीत के लिए 6 विकेट चाहिए। अभी भी दोनों टीमों के लिए जीत की राह खुली हुई है। गॉल में 342 रन का हाईएस्ट सक्सेसफुल चेज का रिकॉर्ड भी है। ऐसे में श्रीलंका के लिए भी रास्ते खुले हुए हैं। उनके अभी 6 विकेट बचे हैं और पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर कोई एक बल्लेबाज अंत तक टिककर इस रनचेज को अंजाम दे सकता है।
डी सिल्वा- दिनुषा क्रीज पर मौजूद
कप्तान धनंजय डी सिल्वा 31 और सोनल दिनुषा 25 रन बनाकर नाबाद हैं और दोनों से काफी उम्मीद है। दोनों अगर बड़ी पारी खेलते हैं तो श्रीलंका के लिए काम आसान हो सकता है। दिनुषा ने पहली पारी में शानदार शतक जड़ा था, तो वहीं आने वाले बल्लेबाज निरोशन डिकवेला ने भी 80 रनों की पारी खेली थी। हालांकि, इन दोनों के बाद श्रीलंका के पास बल्लेबाजी नहीं बचती है। केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिता फर्नांडो आने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हैं। ऐसे में श्रीलंका के पास देखा जाए तो तीन ही स्पेशलिस्ट बल्लेबाज हैं।
आपको बता दें कि मुकाबले में भारतीय टीम ने पहली पारी में 462 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसमें देवदत्त पडिक्कल ने शानदार 167 रन की पारी खेली, तो केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन बनाए। श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर ढेर हो गई, जिसमें सोनल दिनुषा ने 100 और निरोशन डिकवेला ने 80 रन की पारी खेली। टीम इंडिया के लिए दूसरी पारी में सिर्फ ऋषभ पंत ने शतक जड़ा, वहीं देवदत्त पडिक्कल 44 और केएल राहुल 35 रन बनाकर आउट हो गए। इसके अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सका और भारतीय टीम दूसरी पारी में 193 रन पर ढेर हो गई।
मानव ने चटकाए 2 विकेट
श्रीलंका ने चौथे दिन 34 ओवर की बल्लेबाजी की, जिसमें उन्होंने 84 रन बना दिए हैं और चार विकेट गंवा चुके हैं। निशान मधुश्का 6, लाहिरू उदारा 4 रन बनाकर आउट हुए, तो दिनेश चांदीमल को रिप्लेस करने वाले पसिंदु सूर्यबंडारा बिना खाता खोले मानव सुथार की गेंद पर आउट हो गए। इसके अलावा कामिंडु मेंडिस भी सिर्फ दो ही रन बना सके और प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार हुए।
Sports – Patrika | CMS

