Asian Hockey Champions Trophy 2026: एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 से पाकिस्तान के हटने के बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट में शामिल किया गया है। इसके साथ ही भारत-पाकिस्तान मुकाबले की संभावना भी खत्म हो गई है।
India vs Pakistan Match Cancel: भारत में आयोजित होने वाली एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 से पाकिस्तान की टीम बाहर हो गई है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने राजनीतिक तनाव का हवाला देते हुए न्यूट्रल वेन्यू पर मुकाबले कराने की मांग की थी, जिसे एशियन हॉकी फेडरेशन और हॉकी इंडिया ने ठुकरा दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया। पाकिस्तान की जगह अब बांग्लादेश की टीम इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी।
अब नहीं होगा भारत-पाक
इसके परिणामस्वरूप भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला संभावित मुकाबला भी रद्द हो गया है। इस टूर्नामेंट में छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें भारत, बांग्लादेश, मलेशिया, चीन, जापान और दक्षिण कोरिया शामिल हैं। टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में खेला जाएगा। लीग चरण के मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह स्टेडियम में होंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली में आयोजित किए जाएंगे। मेजबान भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन है और इस बार भी खिताब बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
एशियन गेम्स में हुई थी कांटे की टक्कर
एशियन गेम्स 2026 मेंस हॉकी टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल में कांटे की टक्कर देखने को मिली थी। टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 की बढ़त हासिल कर ली थी लेकिन जब मुकाबले में 10 मिनट का समय बचा था, तब तक पाकिस्तान ने वापसी करते हुए स्कोर को 3-3 से बराबरी पर ला दिया था। वहां से मैच किसी भी पाले में जा सकता था। मैच के आखिरी मिनट में अभिषेक ने गोल कर टीम इंडिया 4-3 से आगे कर दिया और गोल्ड मेडल मुकाबले में पहुंचा दिया। आगे चलकर भारतीय टीम ने मलेशिया को हराकर गोल्ड मेडल जीता, तो पाकिस्तान ने साउथ कोरिया को हराकर ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया।
इस मुकाबले के बाद उम्मीद की जा रही थी कि एशियन हॉकी चैंपियनशिप में एक बार फिर कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी लेकिन पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन की जिद की वजह से फैंस की उम्मीदों पर पानी फिर गया है।
पाकिस्तान के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद बांग्लादेश को एशिया की शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा। वहीं, भारतीय टीम की नजरें अपने खिताब का बचाव करने पर होंगी।
Sports – Patrika | CMS


IND-PAK HOCKEY IN LAST 10 YEARS
5-1
