Khushboo Patani On Kainchi Dham Yatra: उत्तराखंड के प्रसिद्ध नीम करौली बाबा के कैंची धाम (Kainchi Dham) में इन दिनों श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ रहा है। खराब मौसम, तेज बारिश और संकरे पहाड़ी रास्तों पर गाड़ियों की लंबी कतारों के कारण हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिल रहा है। इस भीषण ट्रैफिक जाम का शिकार अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन और भारतीय सेना की पूर्व अधिकारी खुशबू पाटनी (Khushboo Patani) भी हो गईं। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है और कैंची धाम जाने वालों को एक सलाह दी है।
अभिनेत्री दिशा पाटनी की खुशबू पाटनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने जाम में फंसने और बारिश के बीच गाड़ियों की लंबी कतार लोगों को दिखाई। आगे खुशबू पाटनी ने अपनी कार छोड़ी और पैदल ही कैंची धाम की तरफ निकल पड़ीं। इस पूरे वाकये का वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने काफी कुछ बताया।
खुशबू पाटनी ने अपने वीडियो में बारिश और पहाड़ों के ट्रैफिक का हाल बयां करते हुए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी और मुस्कुराते हुए कहा, “कैंची धाम जा रहे हैं हम लोग। बहुत ज्यादा ठंड है और हम लोग रास्ते में बुरी तरह अटके हुए हैं। आगे देखिए, बारिश हो रही है। कोई मुझसे कुछ दिनों पहले कह रहा था कि पहाड़ों में जाओ, वहां ट्रैफिक नहीं मिलेगा और मैं खुद उत्तराखंड की हूं, तो मैंने उसको हंसते हुए बोला था कि भाई, पहाड़ों में कभी-कभी 2 किलोमीटर का रास्ता तय करने में भी 2 घंटे का समय लग सकता है!”
खुशबू ने श्रद्धालुओं को दी खास सलाह
वीडियो में रास्ते का नजारा दिखाते हुए खुशबू ने दिखाया कि कैसे पहाड़ों पर ऊपर से लेकर नीचे तक गाड़ियों की कतारें लगी हुई हैं और लोगों की भारी भीड़ पैदल चल रही है। जाम की वजह से उन्होंने अपनी गाड़ी वहीं छोड़ दी और शॉर्टकट रास्ते से उतरकर पैदल चलने का फैसला किया।
श्रद्धालुओं को सलाह देते हुए खुशबू पाटनी ने कहा, “एक बार यहां का ट्रैफिक देख लीजिए। इतनी भीड़ है कैंची धाम में, मतलब अगर आप पैदल ही आओ तो ज्यादा बेहतर है। हम लोगों ने अब गाड़ी छोड़ दी है और हम पैदल ही जा रहे हैं। यहां आने वाले लोगों को सलाह है कि अपनी बड़ी गाड़ियां घर पर छोड़कर आएं। गाड़ी छोटी लेकर आओ, मैं तो बोलूंगी Maruti जैसी छोटी गाड़ियों में आओ ताकि संकरी सड़कों पर परेशानी न हो। खैर, हमें एक शॉर्टकट मिल गया है और हम यहीं से नीचे उतर रहे हैं।”
लंबे वीकेंड पर कैंची धाम पहुंचे थे हजारों श्रद्धालु
बता दें, कुछ समय पहले गांधी जयंती और अन्य छुट्टियों के लंबे वीकेंड पर कैंची धाम में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से नैनीताल-अल्मोड़ा हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। जिसके बाद प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई। श्रद्धालुओं की संख्या 50 हजार का आंकड़ा पार करने के बाद अब प्रशासन ने इसे सीमित करने के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था बनाने की कवायद शुरू कर दी है।
कैंची धाम में ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग और क्राउड कंट्रोल को लेकर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में सभी स्टेक होल्डर्स की हुई महत्वपूर्ण बैठक में अहम फैसला श्रद्धालुओं के रजिस्ट्रेशन को लेकर हुआ है। रजिस्ट्रेशन व्यवस्था लागू होने के बाद प्रशासन के पास पहले से यह अनुमान होगा कि किस दिन कितने श्रद्धालु कैंची धाम पहुंच सकते हैं और उसी के अनुरूप ट्रैफिक, पार्किंग, शटल और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की जा सकेगी।

