उन्नाव में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की:पारिवारिक कलह से परेशान था मृतक, पुलिस जांच जारी

उन्नाव में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की:पारिवारिक कलह से परेशान था मृतक, पुलिस जांच जारी

उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र में एक युवक ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना उदित खेड़ा मजरा बौनामऊ गांव में हुई। सूचना मिलते ही गांव और परिवार में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 33 वर्षीय सुनील पुत्र राम औतार के रूप में हुई है। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। सुनील की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं – तीन साल की बेटी वैष्णवी और डेढ़ साल का बेटा गगन। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ समय से घर में पारिवारिक कलह चल रही थी, जिससे सुनील मानसिक रूप से परेशान था। उसने घर के अंदर ही फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जब वह काफी देर तक दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने तलाश शुरू की और उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पर माखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। ग्रामीणों ने सुनील को मेहनती बताया और उसकी मौत से गांव में शोक का माहौल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *