बुरहानपुर की रेणुका माता कृषि उपज मंडी में किसानों से वाहन तुलाई के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने का मामला सामने आया है। किसानों से प्रति ट्रॉली 20 रुपये की जगह 30 रुपये लिए जा रहे हैं, यानी 10 रुपये अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं। मंडी में प्रति ट्रॉली तुलाई का शुल्क 20 रुपये निर्धारित है। हालांकि, सोमवार को यहां किसानों से प्रति ट्रॉली 30 रुपये वसूले गए। दिनभर में सैकड़ों किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचते हैं, जिससे बड़े पैमाने पर अतिरिक्त वसूली की आशंका जताई जा रही है। 30 रुपये ज्यादा लेने के आरोप
महलगुलारा के किसान मोहम्मद अनीस ने बताया कि सोमवार दोपहर तौल कांटे पर उनसे 30 रुपये लिए गए। उन्होंने कहा कि अधिकांश किसानों को यह जानकारी नहीं होती कि वास्तविक शुल्क 20 रुपये है। कर्मचारी 30 रुपये मांगते हैं और किसान उन्हें दे देते हैं। इस मामले पर मंडी सचिव भूपेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि मंडी में इस तरह की कोई अतिरिक्त वसूली नहीं होती है। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि ऐसा हो रहा है तो इसकी जांच कराई जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।


