अलीगढ़ में रेलवे लाइन पर मिला युवक का शव:रोरावर क्षेत्र में क्षत-विक्षत हालत में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

अलीगढ़ में रेलवे लाइन पर मिला युवक का शव:रोरावर क्षेत्र में क्षत-विक्षत हालत में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र स्थित सलेमपुर माफी रेलवे लाइन पर एक युवक का शव मिला है। रविवार रात गश्त के दौरान रेलवे गार्डों ने शव देखा, जिसका आधा चेहरा क्षत-विक्षत था। पुलिस ने मृतक की पहचान अतरौली के चकाथल निवासी 19 वर्षीय हेमंत चौधरी के रूप में की है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। यह घटना रविवार रात करीब एक बजे की है, जब रेलवे के गार्ड महेश और गजेंद्र सिंह सलेमपुर माफी रेलवे लाइन पर गश्त कर रहे थे। उन्हें रेलवे लाइन के बीच में एक शव दिखाई दिया। शव की स्थिति को देखते हुए, उन्होंने तत्काल इसकी सूचना रेलवे स्टेशन को दी, जिसने आगे रोरावर थाने को सूचित किया। सूचना मिलने पर रोरावर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान अतरौली के गांव चकाथल निवासी राजन चौधरी के पुत्र हेमंत चौधरी (19) के रूप में की। इसके बाद, पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया और शव को मोर्चरी में रखवाया। सोमवार सुबह मृतक के पिता राजन चौधरी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बेटे की हत्या की आशंका जताई। राजन चौधरी ने बताया कि उनका बेटा सिकंदराबाद में बड़ा ट्रक चलाता है और उसका घर पर आना-जाना लगा रहता है। उन्होंने सवाल उठाया कि हेमंत यहां तक क्यों आया और रेलवे लाइन के पास गड्ढे में भरे पानी में से क्यों भागा, क्योंकि उसकी पैंट भीगी हुई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इंस्पेक्टर सुबोध कुमार पवार ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक हेमंत चौधरी अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। नवंबर माह में ही उसकी बहन की शादी हुई थी। हेमंत की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *