पनकी में महिला कारोबारी से 40 लाख की ठगी:बेटी की शादी के लिए बचाए थे पैसे, पड़ोसी ने दिया धोखा

पनकी में महिला कारोबारी से 40 लाख की ठगी:बेटी की शादी के लिए बचाए थे पैसे, पड़ोसी ने दिया धोखा

कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी कारोबार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर महिला से 40 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने यह रकम अपनी बेटी की शादी के लिए वर्षों में जोड़कर रखी थी, जिसे आरोपी ने छलपूर्वक हड़प लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पनकी के पैराडाइज ग्रीन, बी-ब्लॉक निवासी शालिनी द्विवेदी के अनुसार, उनके पड़ोस में रहने वाले नितिन कुमार शर्मा ने खुद को प्रॉपर्टी कारोबारी बताते हुए निवेश का प्रस्ताव दिया। आरोपी ने एक वर्ष के भीतर मूलधन लौटाने के साथ 40 प्रतिशत वार्षिक मुनाफा देने का लालच दिया। भरोसे में आकर पीड़िता ने 5 और 10 जनवरी 2024 को आरटीजीएस के माध्यम से कुल 40 लाख रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए।

बेटी की शादी के लिए जोड़ी थी रकम, समय पर नहीं लौटाए पैसे
पीड़िता ने बताया कि उनके पति बृजेश द्विवेदी मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं और परिवार ने यह रकम बेटी की शादी के लिए लंबे समय से बचाकर रखी थी। तय समय बीत जाने के बाद जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और भुगतान नहीं किया।

तीन चेक दिए, सभी हुए बाउंस
लगातार दबाव बनाने पर आरोपी ने जून 2025 में 20-20 लाख रुपये के दो चेक और 16 लाख रुपये का एक अन्य चेक दिया। हालांकि, 5 जुलाई 2025 को जब पीड़िता ने ये चेक बैंक में लगाए तो सभी चेक अपर्याप्त धनराशि के कारण बाउंस हो गए। इसके बाद भी आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और उल्टा धमकियां देने लगा।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
थाना प्रभारी पनकी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी नितिन कुमार शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *