जालौन जनपद के उरई शहर में एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान शिवांगी (18) पुत्री प्रहलाद निवासी एट के रूप में हुई है। वह उरई के मोहल्ला उमरार खेड़ा में अपनी दो बहनों के साथ किराए के मकान में रहती थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम शिवांगी ने कमरे में फांसी लगा ली। काफी देर तक कमरे से कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। दरवाजा खोलकर देखा तो उसका शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर कोंच बस स्टैंड चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, शिवांगी तीन बहनों में से एक थी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल है।


