करनाल की एक कालोनी में रहने वाली एक विवाहिता ने पति के दोस्त पर जमानत दिलाने का झांसा देकर चार महीने तक दुष्कर्म करने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने धमकाकर चुप कराया और अब वह गर्भवती हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत के आधार पर शहर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पति जेल में, दोस्त ने दिया सहारा और फिर किया शोषण
करनाल निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसकी शादी करनाल में ही हुई थी। शादी के बाद उनकी तीन साल की बेटी है। पीड़िता के अनुसार उसका पति इस समय जिला जेल करनाल में एक मुकदमे में बंद है। पीड़िता ने बताया कि पति का दोस्त अरुण करीब चार माह पहले उसके संपर्क में आया। उसने कहा कि वह उसके पति की जमानत करवा देगा और उसे अपने पास आने के लिए कहा। पति की रिहाई की उम्मीद में पीड़िता उसके कहने पर उसके पास चली गई। चार महीने तक करता रहा गलत काम, दी धमकी
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पिछले चार महीनों से उसके साथ जबरन गलत काम करता रहा। उसने धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो अंजाम बुरा होगा। डर की वजह से उसने किसी को कुछ नहीं बताया। महिला का कहना है कि आरोपी ने न तो उसके पति की जमानत करवाई और उल्टा उसे ब्लैकमेल करता रहा। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। पहले शादी का वादा, अब परिवार समेत किया इंकार
पीड़िता ने बताया कि पहले आरोपी और उसके परिवार वालों ने कहा था कि वह उससे शादी कर लेगा। लेकिन अब आरोपी और उसके परिवार ने साफ मना कर दिया है। पीड़िता का कहना है कि इस समय आरोपी अपनी बुआ के यहां रह रहा है। चौकी में शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
पीड़िता ने बताया कि उसने चार दिन पहले पुलिस चौकी सेक्टर-4 करनाल में भी शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह 27 फरवरी को पुलिस अधीक्षक करनाल को दरखास्त देकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी ऑफिस से शिकायत करनाल के सिटी थाना पहुंची। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।


