झांसी में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत पांच पर FIR:महिला डॉक्टर ने लगाया जमीन कब्जाने और रंगदारी वसूलने का आरोप

झांसी में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत पांच पर FIR:महिला डॉक्टर ने लगाया जमीन कब्जाने और रंगदारी वसूलने का आरोप

झांसी में जमीन कब्जाने और रंगदारी मांगने के आरोप में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष महेश कश्यप समेत पांच लोगों के खिलाफ सीपरी बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दिल्ली निवासी महिला चिकित्सक डॉ. स्मिता पांडेय की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी, रंगदारी, धमकी और निर्माण सामग्री चोरी जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता डॉ. स्मिता पांडेय, जो दिल्ली के डीडीए फ्लैट्स में रहती हैं, ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2015 में कलावती देवी उर्फ कुसुम ने उन्हें नयागांव स्थित दो प्लॉट की रजिस्ट्री की थी। आरोप है कि जब उन्होंने प्लॉट पर निर्माण कार्य शुरू कराया तो महेश कश्यप और रमेश रायकवार अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गए। आरोपियों ने जमीन पर कोर्ट से स्टे होने की बात कहकर जबरन निर्माण कार्य रुकवा दिया। डॉ. स्मिता का आरोप है कि आरोपी लाखों रुपये की निर्माण सामग्री भी उठा ले गए। शिकायत करने की कोशिश करने पर रमेश रायकवार ने जान से मारने की धमकी दी, जबकि महेश कश्यप ने तमंचा दिखाकर दोबारा प्लॉट पर आने पर हत्या की धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि रमेश रायकवार सीपरी बाजार थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि महेश कश्यप ने कलावती देवी, अर्जुन चक्रवर्ती, प्रह्लाद चक्रवर्ती और रमेश रायकवार के साथ मिलकर गिरोह बना रखा है, जो जमीनों पर कब्जा करने और अवैध उगाही का काम करता है। वहीं, सीपरी बाजार थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बता दें कि पूर्व जिलाध्यक्ष महेश कश्यप इन दिनों बबीना विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ दर्ज हुए इस मामले ने उनकी राजनीतिक राह को और मुश्किल बना दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *