जयपुर। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राजस्थान के कई जिलों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है। देर रात जारी इस अलर्ट में कुछ इलाकों के लिए ऑरेंज तो कई जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है, जिससे मौसम के अचानक बदलने की संभावना जताई गई है।
ऑरेंज अलर्ट के तहत नागौर और आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने आगाह किया है कि तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों, कमजोर ढांचों, पेड़ों, बिजली लाइनों और ढीली वस्तुओं को नुकसान पहुंच सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि गर्जन के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें, पेड़ों के नीचे शरण न लें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें।
इन जिलों में येलो अलर्ट
वहीं येलो अलर्ट बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, अजमेर, पाली, सीकर और भीलवाड़ा जिलों में जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश, बिजली गिरने और 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में आज कई जिलों में हुई बारिश
इधर, दिनभर भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली। भीलवाड़ा के आसींद क्षेत्र में शाम के समय हल्की बूंदाबांदी से लोगों को राहत मिली। वहीं बज्जू में दोपहर बाद हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई, हालांकि किसानों ने खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका जताई है।

बारिश ने बिगाड़ी शादी समारोह की तैयारियां
सिंडू और आसपास के इलाकों में भी बादल छाने के बाद हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे जहां आमजन को गर्मी से राहत मिली, वहीं खेतों में रखी उपज को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा। कानोड़ में बेमौसम बारिश और तेज आंधी ने शादी समारोहों की तैयारियों को प्रभावित किया और बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।

शेरगढ़ में भी हुई बारिश
इसके अलावा शेरगढ़ और लोर्डिया क्षेत्रों में भी तेज हवा और बारिश से मौसम सुहावना हो गया, जिससे दिनभर की भीषण गर्मी से राहत मिली।
बाड़मेर में पारा 45 पार
गौरतलब है कि शनिवार को प्रदेश में गर्मी का असर चरम पर रहा। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़ और कोटा में पारा 44 डिग्री के पार रहा। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कुछ क्षेत्रों में बारिश ने मौसम को राहतभरा बना दिया है।


