नारनौल ब्रांच नहर में सैकड़ों मरी हुई मुर्गियां फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना खासपुर और खामपुर गांव के पास नहर के किलोमीटर 22.100 के निकट की बताई जा रही है। मामले की जानकारी मिलने के बाद सिंचाई विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस को सूचना दी है तथा अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसडीओ राजेश वर्मा ने बताया कि नहर में करीब 400 से 500 मरी हुई मुर्गियां डाली गई हैं। इससे न केवल नहर का पानी प्रदूषित होने का खतरा पैदा हो गया है, बल्कि आसपास के क्षेत्र में बदबू और संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि यह कार्य किसी अज्ञात व्यक्ति या समूह द्वारा किया गया है। जेई ने लिखा है पत्र उन्होंने बताया कि मामले को लेकर कनिष्ठ अभियंता सुनील दत्त ने अज्ञात दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एएसडीओ को प्रार्थना पत्र दिया है। साथ ही विभाग की ओर से तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। इसके अलावा फैजाबादी पुलिस चौकी को भी घटना से अवगत कराया गया है। जानकारी जुटाने के निर्देश एसडीओ राजेश वर्मा ने कहा कि कनिष्ठ अभियंता को दोषियों की पहचान करने और संबंधित जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की ओर से जल्द ही अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। कानूनन है अपराध विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नहर में इस तरह मृत पशु-पक्षियों को फेंकना गंभीर लापरवाही और कानूनन अपराध है। मामले की जांच की जा रही है।


