गुवाहाटी, चार सितंबर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि पांच साल पहले हस्ताक्षरित कार्बी शांति समझौते से कार्बी आंगलोंग जिले के विकास में तेजी आयी है। उन्होंने कहा कि जिला विकास के मानकों पर आगे बढ़ रहा है, जो इस बात को प्रमाणित करता है कि संवाद मजबूत भविष्य का निर्माण करता है। शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, आज हम कार्बी शांति समझौते पर हुए ऐतिहासिक हस्ताक्षर की वर्षगांठ मना रहे हैं।
यह एक ऐसा महत्वपूर्ण कदम रहा जिसने असम के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य को हमेशा के लिए बदल दिया और संघर्ष के दौर को समाप्त कर स्थायी सद्भाव के एक नये अध्याय की शुरुआत की। वर्ष 2021 में केंद्र, राज्य सरकार और पांच प्रमुख उग्रवादी समूहों के बीच नयी दिल्ली में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस समझौते ने कार्बी आंगलोंग में अलग मातृभूमि के लिए विद्रोहियों के बीच संघर्ष के दौरान वर्षों से जारी हिंसा, हत्याओं और अपहरण के दौर को खत्म कर दिया।
कार्बी आंगलोंग जातीय कार्बी आदिवासियों का इलाका है। शर्मा ने कहा कि इस समझौते से कार्बी लोगों की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाएं पूरी हुईं और साथ ही असम की क्षेत्रीय अखंडता भी सुरक्षित रही। मुख्यमंत्री ने कहा, “कार्बी आंगलोंग जैसे-जैसे समृद्धि की राह पर आगे बढ़ रहा है, हम शांति और एकता की उस भावना को नमन करते हैं, जिसने इस समझौते को संभव बनाया।
यह इस बात का उदाहरण है कि संवाद किस तरह मजबूत भविष्य का निर्माण करता है।

