Handloom Day : पूरे देश में 7 अगस्त को हथकरघा दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि “आज हथकरघा दिवस है और राजस्थान में हथकरघा सेक्टर की अहम भूमिका है। यह राज्य अपनी खास हथकरघा कारीगरी के लिए दुनिया भर में मशहूर है। मैं हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने इस मौके पर सभी को ‘वोकल फॉर लोकल’ पहल को सपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित किया।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान के कई जिलों में हथकरघा का काम होता है। यहां के उत्पादों की बहुत मांग है और इन्हें देश-विदेश में बेचा जाता है। इस हथकरघा दिवस पर, मैं राजस्थान के लोगों से अपील करता हूं कि वे इन उत्पादों को अपनी ज़िंदगी में अपनाकर ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा दें। ऐसा करने से हमारे छोटे कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।
सीएम भजनलाल ने अजमेरी गेट स्थित शोरूम से हथकरघा उत्पाद खरीदे
‘राष्ट्रीय हथकरघा दिवस’ के मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के अजमेरी गेट स्थित एक हथकरघा शोरूम का दौरा किया और हथकरघा उत्पाद खरीदे। उन्होंने लोगों से ‘वोकल फॉर लोकल’ पहल का समर्थन करने और छोटे स्तर के बुनकरों व कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पादों को खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया।
बुनकरों व हस्तशिल्पियों को शुभकामनाएं – सीएम भजनलाल
आज सुबह सुबह सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि समस्त परिश्रमी बुनकरों एवं कुशल हस्तशिल्पी साथियों को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! राजस्थान की समृद्ध हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की सशक्त पहचान है। #आपणोअग्रणीराजस्थान के संकल्प के अनुरूप हमारी सरकार स्थानीय बुनकरों एवं कारीगरों को सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।


