अमरोहा में 30 मिनट तक गिरे ओले, VIDEO:गरज-चमक के साथ बारिश हुई, फसलों को नुकसान; तापमान 12 डिग्री पहुंचा

अमरोहा में 30 मिनट तक गिरे ओले, VIDEO:गरज-चमक के साथ बारिश हुई, फसलों को नुकसान; तापमान 12 डिग्री पहुंचा

अमरोहा जनपद के हसनपुर तहसील क्षेत्र में गुरुवार देर रात मौसम ने अचानक करवट बदली। रात करीब 2 बजे गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई, जिसके बाद लगभग आधे घंटे तक भीषण ओलावृष्टि हुई। इस बेमौसम ओलावृष्टि से क्षेत्र में कड़ाके की ठंड लौट आई है और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। ओगपुरा, ढबारसी और भीमा सुल्तानपुर सहित कई गांवों में ओलों की सफेद चादर बिछ गई। लगभग 30 मिनट तक हुई ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी सरसों और गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। सरसों की फलियां झड़ गई हैं, जबकि गेहूं की बालियों को भी क्षति पहुंची है। किसानों के अनुसार, फसल पकने की अवस्था में थी, जिससे यह नुकसान और भी गंभीर है। ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं के कारण क्षेत्र के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। रात का तापमान गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह से चल रही बर्फीली हवाओं के चलते लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं और घरों में ही रहने को प्राथमिकता दे रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मौसम के इसी तरह बिगड़े रहने का पूर्वानुमान जताया है। विभाग के अनुसार, तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है, जिससे कृषि और जनजीवन दोनों प्रभावित हो सकते हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *