गोंडा जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में 20 वर्षीय राहुल कश्यप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से नाराज परिजनों ने आज मंगलवार देर शाम गोंडा-लखनऊ हाईवे पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह प्रदर्शन सकरौर ग्राम पंचायत के वोटनपुरवा स्थित ब्रह्मचारी स्थान के पास शाम 5:40 बजे से शुरू हुआ। हाईवे जाम होने के कारण गोंडा से लखनऊ और लखनऊ से गोंडा आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया है। सूचना मिलते ही करनैलगंज कोतवाल मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पूरे मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं। मृतक राहुल कश्यप के पिता पप्पू कश्यप ने बताया कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने अपने मौसी के लड़के पंकज पर हत्या का आरोप लगाया। पप्पू कश्यप के अनुसार, पंकज उनके बेटे को सोमवार सुबह 11 बजे घर से बुलाकर ले गया था। पिता ने बताया कि जब उन्होंने बेटे के बारे में पूछा तो उन्हें करनैलगंज रोडवेज बस स्टॉप और फिर रेलवे स्टेशन जाने को कहा गया। रात में उन्हें ब्रह्मचारी स्थान पिपरी के निकट गोंडा-लखनऊ रेल मार्ग पर राहुल का शव मिला। परिजनों ने मांग की है कि पंकज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे और हाईवे पर प्रदर्शन जारी रखेंगे। राहुल कश्यप लोहे की दुकान पर वेल्डिंग का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। कर्नलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि पप्पू कश्यप के बेटे राहुल कश्यप का कल करनैलगंज के ब्रह्मचारी स्थान पिपरी के निकट गोंडा लखनऊ रेल मार्ग पर इसका शव मिला था। जिसे कब्जे में लेकर परिजनों के सामने ही पंचायत नामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। आज पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को बॉडी अंतिम संस्कार करने के लिए दी गई थी। लेकिन परिजन अंतिम संस्कार ना करके गोंडा-लखनऊ हाईवे पर ब्रह्मचारी स्थान के पास रखकर के प्रदर्शन कर रहे हैं। इन लोगों की मांग है कि मुकदमा दर्ज किया जाए पुलिस फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है परिजनों को समझने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों को कार्रवाई क आश्वासन दिया जा रहा है मौके पर पुलिस फोर्स मौजूद है।


