गाजीपुर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जिलेवासियों से पेट्रोल, डीजल और अन्य ईंधनों की बचत करने की अपील की है। उन्होंने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार स्थित रायफल क्लब में प्रेसवार्ता के दौरान यह बात कही। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण अभियान के तहत हर नागरिक से ईंधन की खपत कम करने में योगदान देने का आग्रह किया। डीएम शुक्ला ने बताया कि पेट्रोलियम पदार्थ देश की अमूल्य संपत्ति हैं। इनके अनावश्यक उपयोग से न केवल राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था पर बोझ बढ़ता है, बल्कि पर्यावरण प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। उन्होंने लोगों से छोटी दूरी की यात्रा के लिए पैदल चलने या साइकिल का उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही, कार्यालय, विद्यालय और अन्य स्थानों पर जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन और कार पूलिंग अपनाने का सुझाव दिया। जिलाधिकारी ने अनावश्यक वाहन संचालन से बचने, एक ही यात्रा में अधिकतम काम निपटाने और ट्रैफिक सिग्नल या लंबे समय तक रुकने की स्थिति में वाहन का इंजन बंद रखने को भी कहा। उन्होंने वाहन की नियमित सर्विसिंग और टायरों में सही एयर प्रेशर बनाए रखने को भी ईंधन बचत का प्रभावी तरीका बताया। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल व्यक्तिगत लाभ का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने युवाओं और बच्चों को भी इस अभियान से जोड़ने पर बल दिया। डीएम ने कहा कि यदि हर नागरिक प्रतिदिन थोड़ा-सा भी ईंधन बचाने का संकल्प ले, तो यह एक बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि बन सकती है। उन्होंने सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से भी ऊर्जा बचत के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने की अपील की।


