अयोध्या में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर पर 115 रुपये की बढ़ोतरी के बाद गैस एजेंसियों पर पहुंचे उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि पहले से महंगाई की मार झेल रहे गरीब और मध्यम वर्ग के लिए अब रसोई का बजट संभालना मुश्किल हो गया है। महंगाई के बीच बढ़ा गैस का बोझ उपभोक्ताओं का कहना है कि खाने-पीने की चीजें पहले से महंगी हैं और अब गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से घर का मासिक खर्च और बढ़ गया है। कई ग्राहकों ने कहा कि आम आदमी पहले ही महंगाई से परेशान है, ऐसे में गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से रसोई चलाना और कठिन हो जाएगा। गैस एजेंसी पर सर्वर डाउन, बुकिंग में परेशानी कीमत बढ़ोतरी के बीच तकनीकी समस्या भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। गैस एजेंसी पर सर्वर डाउन होने के कारण कई उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है। इससे सिलेंडर लेने आए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है और कई लोग बिना बुकिंग के ही वापस लौटने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी एजेंसी पर पहुंचे पुरुष और महिला ग्राहकों ने सरकार से कीमतों पर नियंत्रण की मांग की। उनका कहना है कि एक तरफ महंगाई लगातार बढ़ रही है और दूसरी तरफ तकनीकी दिक्कतों के कारण गैस की उपलब्धता भी प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो आम आदमी की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी। अब देखना होगा कि सरकार और संबंधित विभाग इस समस्या को लेकर क्या कदम उठाते हैं।


