चंदौली में हनुमत रिन्यूएबल्स ने 11 हजार घरों में निःशुल्क सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए 90 दिवसीय अभियान शुरू किया है। गुरुवार शाम को सदर ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर जगत साई ने फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर इस अभियान का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रचार वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। सीडीओ आर जगत साई ने बताया कि सोलर पैनल लगने से लोगों के बिजली बिल में बचत होगी। साथ ही, प्राकृतिक ऊर्जा से घरों में रोशनी बनी रहेगी। इस अवसर पर एक सोलर जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई, निःशुल्क पंजीकरण किए गए और सौर ऊर्जा के लाभों के बारे में बताया गया। एक सोलर संयंत्र प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। हनुमत रिन्यूएबल्स के सीईओ विकास सिंह ने जानकारी दी कि दो किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र लगवाने पर लाभार्थियों को केंद्र सरकार से 60 हजार रुपए और राज्य सरकार से 30 हजार रुपए की सब्सिडी मिलेगी। इसके अतिरिक्त, हनुमत रिन्यूएबल्स द्वारा 35 हजार रुपये का अंशदान भी दिया जा रहा है, जिससे पात्र उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा पूरी तरह निःशुल्क प्राप्त होगी।
यह सोलर जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान अगले तीन माह तक खंड विकास कार्यालय सदर चंदौली सहित जनपद के सभी ब्लॉक कार्यालयों में चलाया जाएगा। इच्छुक नागरिक इन शिविरों में पहुंचकर पंजीकरण करवा सकते हैं। सोलर संयंत्र स्थापना संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह ने कहा कि यह सोलर पैनल लगवाने की योजना आकर्षक है और इससे लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।


