जालौन के कदौरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक बसपा सरकार के पूर्व मंत्री जगदीश प्रजापति का भतीजा बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम निश्वापुर निवासी 35 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र रामकेश बुधवार को बबीना से निजी कार्य निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। कृषि उपज मंडी के सामने पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रदीप बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। उन्हें सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सोनी पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिवार में शोक छा गया। परिजनों ने बताया कि प्रदीप की शादी चार वर्ष पूर्व कैलाशी देवी से हुई थी। उनका तीन साल का एक बेटा है और उनकी पत्नी गर्भवती हैं। कदौरा थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रक को बड़ागांव तिराहे से जब्त कर लिया गया है। हालांकि, चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


