अंबिकापुर. शहर के गांधी स्टेडियम में पिछले एक माह से चल रहे संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता (Football Tournament) 2026 का रविवार को समापन हो गया। फाइनल मुकाबला सरगुजा इलेवन और नाइस क्लब बलसेढ़ी की टीमों के मध्य खेला गया। मुकाबला काफी रोमांचक रहा लेकिन अंतत: सरगुजा इलेवन की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज के हाथों 51 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया। मैच का लुत्फ काफी संख्या में शहर समेत ग्रामीण क्षेत्र से आए दर्शकों ने उठाया।
संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता के तहत रविवार को शहर गांधी स्टेडियम में सरगुजा इलेवन और नाइस क्लब बलसेढ़ी के मध्य फाइनल मुकाबला (Football final match) खेला गया। मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों ने बेहतर तालमेल के साथ गोल करने के प्रयास किए। इसी दौरान सरगुजा इलेवन ने एक गोल कर 1-0 की बढ़त बना ली।
दूसरे हाफ में बलसेढ़ी की टीम ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। वहीं सरगुजा इलेवन के खिलाड़ी भी और कोई गोल नहीं कर सकी। मैच संघर्षपूर्ण चलता रहा, लेकिन मुकाबले के अंत तक दोनों में से कोई भी टीम और कोई गोल नहीं कर सकी। अंतत: सरगुजा इलेवन ने मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।

प्रतियोगिता की विजेता सरगुजा इलेवन को 51 हजार रुपए और उपविजेता बलसेढ़ी को 31 हजार रुपए की पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई। स्व. जगन्नाथ दुबे की स्मृति में उनके पुत्र जगदीश प्रसाद दुबे ने स्मृति चिह्न और कप प्रदान किए।
Football news: नील भूषण मैन ऑफ द मैच
व्यक्तिगत पुरस्कारों में मैन ऑफ द मैच सरगुजा इलेवन के नील भूषण, बेस्ट गोलकीपर नाइस क्लब बलसेड़ी के चंद्र, बेस्ट स्कोरर सरगुजा इलेवन के उचित मरकाम, बेस्ट मिडफील्डर नाइस क्लब बलसेड़ी के रमेश और मैन ऑफ द सीरीज का खिताब सरगुजा इलेवन के कृष को दिया गया। बेस्ट ग्रामीण टीम का पुरस्कार फुटबॉल क्लब धरमपुर और फुटबॉल क्लब कोटिया को प्रदान किया गया।
सांसद थे मुख्य अतिथि
फाइनल के मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज (Surguja MP) थे। विशिष्ट अतिथि सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रसाद सिंह, जितेंद्र सोनी, विकास पांडेय सहित फुटबॉल संघ के पदाधिकारी, अन्य अतिथि समेत काफी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी रही।

