औरैया में जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और मौके पर त्वरित जांच भी की गई। जांच के दौरान कुल 15 नमूनों में से तीन मानक के विपरीत पाए गए, जिसके बाद संबंधित कारोबारियों को सुधार के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास ने देवघाट मंदिर बिधूना और भगत सिंह चौराहा बिधूना स्थित प्रतिष्ठानों से पेड़ा के नमूने लिए। इसके अलावा बिधूना स्थित मैसर्स लक्ष्मी मिष्ठान भंडार से डोडा बर्फी और पनीर के नमूने भी एकत्र किए गए। इन तीनों नमूनों को विस्तृत जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभाग ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मोबाइल लैब से मौके पर हुई जांच अभियान के दौरान शासन से उपलब्ध कराई गई ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’ मोबाइल प्रयोगशाला का भी उपयोग किया गया। मोबाइल लैब के माध्यम से देवकली मंदिर औरैया तथा देवघाट मंदिर बिधूना क्षेत्र के प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल 15 नमूनों की मौके पर ही त्वरित जांच की गई। तीन नमूने फेल, कारोबारियों को सुधार नोटिस मौके पर हुई जांच में 15 में से तीन नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कमियों के आधार पर खाद्य कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा को लेकर किया जागरूक अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों और आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि मिलावटखोरी पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


