फतेहाबाद जिले में एक बुजुर्ग मैकेनिक के साथ पांच लाख रुपए का ऑनलाइन फ्रॉड हो गया। बुजुर्ग का भतीजा अमेरिका गया हुआ है। बुजुर्ग मैकेनिक ने कॉलर को अपना भतीजा समझ लिया। इसके बाद कॉलर के कहने पर बुजुर्ग ने तीन बार में पांच लाख रुपए की ट्रांजैक्शन अलग-अलग बैंक खातों में कर दी। इसके बाद कॉलर ने कॉल रिसीव करनी बंद कर दी। बुजुर्ग के साथ फ्रॉड जनवरी महीने के आखिरी सप्ताह में हुआ था। बुजुर्ग ने इसकी शिकायत 3 फरवरी को दी। मगर साइबर थाना पुलिस ने अब करीब दो महीने बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। भाई का बेटा गया हुआ है अमेरिका दरअसल, गांव फूलां निवासी मुनीराज (61) मैकेनिक के तौर पर काम करते हैं। उनके भाई का बेटा अमेरिका गया हुआ है। 27 जनवरी को उनके मोबाइल पर वॉट्सऐप कॉल आई। कॉलर ने कहा कि वह अमेरिका से बोल रहा है। उन्हें लगा कि उनका भतीजा बोल रहा है। इसके बाद वह कॉलर की बातों में आ गए। उन्होंने पहले दो बार में डेढ़-डेढ़ लाख रुपए और फिर तीसरी बार दो लाख रुपए कॉलर द्वारा बताए गए खाते में अपने अकाउंट से ट्रांसफर कर दिए। इस तरह उनके साथ पांच लाख रुपए की ठगी हो गई। जानिए… कैसे की गई ठगी रिकॉर्ड जुटाना पड़ता है-एसएचओ इस संबंध में देरी से एफआईआर दर्ज होने को लेकर साइबर थाना प्रभारी राहुल देव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ज्यादातर कोशिश रहती है कि तत्काल ही मामलों में एफआईआर दर्ज हो। मगर कुछ मामलों में फ्रॉड से संबंधित रिकॉर्ड जुटाने में काफी समय लग जाता है। कई बार शिकायत साइबर हेल्प डेस्क पर आती है, वहां से थाने में पहुंचने में समय लग जाता है। कई बार शिकायतकर्ता भी अपने बयान देने में देरी कर देता है।


