इंदौर के लसूडिया क्षेत्र में बेलमोर्ट पार्क के ऑफिस में बुधवार सुबह आगजनी की घटना हो गई। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ऑफिस में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड के एएसआई सुशील कुमार दुबे ने बताया कि आग बेलमोर्ट पार्क के मेंटेनेंस ऑफिस में लगी थी, जहां टाउनशिप बिल्डर का भी कार्यालय है। सुबह करीब 5 बजे गार्ड ने धुआं निकलते देखा था। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर पानी डालकर आग पर नियंत्रण किया। आग में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। खंडवा रोड पर सब्जी दुकान में आग
इधर, खंडवा रोड स्थित अनुराधा नगर में भी अलसुबह एक सब्जी की दुकान में आग लग गई। इस घटना में दुकान का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड के अनुसार बबली पति प्रीतम सिंह की दुकान में यह आग लगी थी। मौके पर करीब 1000 लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।


