शादी के कार्ड बांटने निकले पिता की मौत:जालौन में ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर, 7 मई को आनी है बेटी की बारात

शादी के कार्ड बांटने निकले पिता की मौत:जालौन में ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर, 7 मई को आनी है बेटी की बारात

जालौन में बेटी की शादी की खुशियों के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। शादी के कार्ड बांटने निकले एक पिता की तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद जहां घर में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली कोंच क्षेत्र के ग्राम पचीपुरा कलां निवासी अशोक कुमार (45) पुत्र श्यामलाल अपनी बड़ी बेटी संध्या की आगामी 7 मई को होने वाली शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के लिए सोमवार शाम करीब 5 बजे बाइक से निकले थे। वह रिश्तेदारी के गांव काटा कमटा जा रहे थे। देर शाम करीब सवा 7 बजे जब अशोक कोंच के एट रोड पर स्थित रामस्वरूप रावत इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके सिर पर लगा हेलमेट भी चकनाचूर हो गया और गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पीआरबी पुलिस को मृतक के पास रखे शादी के कार्ड में अंकित मोबाइल नंबर मिला, जिसके जरिए परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया। पुलिस द्वारा अशोक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी बृजेश बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक एक लघु सीमांत किसान था और उसके परिवार में दो बेटियां व एक बेटा है। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *