नरसिंहपुर जिले के ग्राम अगरिया (बचई) की विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर सोमवार को जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन (जयस) ने डिप्टी कलेक्टर देवंती परते को कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में ग्रामीणों की तीन प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है। जयस के तहसील अध्यक्ष परशोत्तम उइके ने बताया कि गांव में बिजली के जर्जर तार नीचे लटक रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में 27 मई को बिजली विभाग को आवेदन दिया गया था और कर्मचारियों ने समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सरकारी जमीन से अवैध कब्जों को हटाने की मांग ज्ञापन में दूसरी प्रमुख समस्या गांव की नदी में फैक्ट्रियों की ओर से छोड़े जा रहे प्रदूषित एवं जहरीले पानी की बताई गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे नदी का पानी दूषित हो रहा है और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। संगठन ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा, ग्राम के पवित्र मंदिर परिसर के पार और श्मशान घाट की शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की मांग भी ज्ञापन में की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की अपील की है। जयस पदाधिकारियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि ग्रामीणों के हित में इन सभी समस्याओं पर शीघ्र दंडात्मक एवं प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।


