हिसार के उकलाना में चुनावी प्रचार थमा:प्रत्याशी आज से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधेंगे, वोटिंग कल

हिसार के उकलाना में चुनावी प्रचार थमा:प्रत्याशी आज से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधेंगे, वोटिंग कल

हिसार जिले में उकलाना नगर पालिका चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा चुनावी शोरगुल शुक्रवार शाम 5 बजे पूरी तरह थम गया। चुनाव प्रचार समाप्त होते ही शहर में लगे लाउडस्पीकर शांत हो गए और लगातार हो रहे प्रचार अभियान से आमजन को काफी राहत मिली। अब सभी प्रत्याशी और उनके समर्थक घर-घर जाकर व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुट गए हैं। उकलाना नगर पालिका के चेयरपर्सन व वार्ड पार्षदों के लिए 10 मई को मतदान होना है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन तक प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी। शहर की गलियों, बाजारों और मोहल्लों में दिनभर प्रचार वाहनों, लाउडस्पीकरों और समर्थकों की भीड़ दिखाई दी। शाम 5 बजे प्रचार बंद होते ही चुनावी माहौल अचानक शांत नजर आने लगा। बता दें कि उकलाना में 10 मई को वोटिंग होगी। लाउड स्पीकर का शोर थमा, अब घर-घर संपर्क चुनाव प्रचार थमने के साथ ही अब चुनावी रणनीति का दूसरा चरण शुरू हो गया है। प्रत्याशी अब छोटे-छोटे समूहों में मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और व्यक्तिगत मुलाकातों के जरिए समर्थन जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अब आने वाले दो दिन चुनाव परिणाम की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। सूत्रों के अनुसार, अब उम्मीदवारों द्वारा जोड़-तोड़ की राजनीति और वोट बैंक में सेंधमारी की रणनीति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रत्याशी अपने विरोधियों के समर्थक माने जाने वाले क्षेत्रों में भी संपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं को प्रभावित करने में जुटे हुए हैं। रातभर गुप्त बैठकें चलती रहीं कई स्थानों पर देर रात तक गुप्त बैठकों और समीकरण बनाने की चर्चाएं भी चलती रहीं। वहीं आमजन ने चुनाव प्रचार बंद होने के बाद राहत महसूस की। नागरिकों का कहना है कि पिछले कई दिनों से लगातार बज रहे लाउडस्पीकरों और प्रचार वाहनों के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा था। अब वातावरण शांत होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *