करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव के विवादित बयान को लेकर विरोध प्रदर्शन लगातार तेज हो रहा है। करौली की पुरानी अनाज मंडी में अग्रवाल समाज ने सांसद का पुतला फूंका और उनसे सवर्ण समाज से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। समाज ने चेतावनी दी है कि माफी नहीं मांगने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान अग्रवाल समाज के सदस्यों ने सांसद भजनलाल जाटव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सांसद ने अलवर में एक कार्यक्रम में समाज विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी से सवर्ण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। ‘बयान सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाला’
अग्रवाल समाज के अध्यक्ष विशंभर दयाल गुप्ता, अशोक गुप्ता और जितेंद्र गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने सांसद के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को ऐसे बयान देने चाहिए जो समाज में सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा दें। सांसद का बयान सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाला है और ऐसी भाषा किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए उचित नहीं है। अग्रवाल समाज ने सांसद भजनलाल जाटव से सार्वजनिक रूप से सवर्ण समाज से माफी मांगने की मांग दोहराई। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द माफी नहीं मांगी गई, तो उनका आंदोलन और अधिक व्यापक रूप ले लेगा।


