Duleep Trophy 2026: ईस्ट जोन ने साउथ जोन को बैकफुट पर धकेला, 584 रन की बनाई कुल बढ़त

Duleep Trophy 2026: ईस्ट जोन ने साउथ जोन को बैकफुट पर धकेला, 584 रन की बनाई कुल बढ़त

Duleep Trophy Final में ईस्ट जोन ने साउथ जोन पर शिकंजा कस दिया है। चौथे दिन 584 रन की कुल बढ़त के साथ ईस्ट जोन मजबूत स्थिति में पहुंच गया। 

East Zone vs South Zone: दलीप ट्रॉफी 2026 के खिताबी मुकाबले में ईस्ट जोन ने अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में बुधवार को चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ईस्ट जोन ने दूसरी पारी में 5 विकेट पर 212 रन बना लिए थे। इसके साथ ही उसकी कुल बढ़त 584 रन हो गई है। इस बढ़त के साथ ईस्ट जोन फाइनल में बेहद मजबूत स्थिति में है और पांचवें व अंतिम दिन साउथ जोन के सामने बड़ी चुनौती होगी। यहां बता दें कि ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रनों का विशाल स्कोर बनाया था।

चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ईस्ट जोन के कुमार कुशाग्र 55 गेंदों में 34 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि एमडी कौनैन कुरैशी 30 गेंदों में 26 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। कुशाग्र ने तीन चौके लगाए, जबकि कुरैशी के बल्ले से दो चौके और एक छक्का निकला। गेंदबाजों के लिए बुधवार का दिन काफी अच्छा रहा और तीनों सत्रों में कुल नौ विकेट गिरे।

ईस्ट जोन ने सुबह के सत्र में साउथ जोन के निचले क्रम को जल्दी समेट दिया। इसके बाद ईस्ट जोन ने फॉलोऑन नहीं देने का फैसला किया और दोबारा बल्लेबाजी करने उतरा। पिच अब भी बल्लेबाजी के लिए अनुकूल बनी हुई है।

ईशान किशन और शिखर मोहन की फिफ्टी

कप्तान ईशान किशन ने पहली पारी में 250 से ज्यादा रन बनाने के बाद दूसरी पारी में भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 98 गेंदों पर 80 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल थे। उनकी पारी ने ईस्ट जोन की दूसरी पारी को मजबूती दी।

ईशान किशन ने शिखर मोहन के साथ 126 रनों की साझेदारी की। शिखर मोहन ने 85 गेंदों पर 52 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। इस साझेदारी से ईस्ट जोन ने शुरुआती झटकों से उबरने में सफलता हासिल की। टीम ने 13 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे।

तिलक वर्मा शतक से चूके

इससे पहले साउथ जोन की टीम अपनी पहली पारी में 336 रन पर ऑलआउट हो गई। इसकी वजह से ईस्ट जोन 372 रनों की बड़ी बढ़त बनाई। साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा शतक से महज एक रन से चूक गए। उन्होंने 211 गेंदों पर 99 रन बनाए। वहीं, देवदत्त पडिक्कल ने 104 गेंदों पर 62 रन और चामा वी मिलिंद ने 68 गेंदों पर 43 रन बनाए। ईस्ट जोन की ओर से मुकेश कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 62 रन देकर तीन विकेट लिए। मोहम्मद शमी ने 42 रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि एमडी कौनैन कुरैशी ने 99 रन देकर दो विकेट चटकाए।

गौरतलब है कि ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। ईशान किशन ने 334 गेंदों पर 270 रनों की शानदार पारी खेली। कुमार कुशाग्र ने 132 गेंदों पर 101 रन बनाए, जबकि शिखर मोहन ने 85 और अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन का योगदान दिया।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *