हार्दिक पंड्या 5 महीने बाद क्रिकेट में वापसी करेंगे:इंडिया A टीम में चुने गए, गायकवाड वनडे और पडिक्कल टेस्ट टीम के कप्तान

हार्दिक पंड्या 5 महीने बाद क्रिकेट में वापसी करेंगे:इंडिया A टीम में चुने गए, गायकवाड वनडे और पडिक्कल टेस्ट टीम के कप्तान

हार्दिक पंड्या करीब पांच महीने बाद क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं। BCCI ने ऑस्ट्रेलिया-A के भारत दौरे के लिए इंडिया-A की टीम घोषित कर दी है। पंड्या को तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए चुना गया है, लेकिन उनका खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा। उन्होंने IPL 2026 के बाद से कोई मैच नहीं खेला है। ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ इंडिया-A की सीरीज में दो मल्टी-डे और तीन वनडे मैच होंगे। सभी मुकाबले पुडुचेरी में खेले जाएंगे। मल्टी-डे मैच 22 सितंबर से शुरू होंगे, जबकि पूरी सीरीज 11 अक्टूबर तक चलेगी। हार्दिक की फिटनेस पर रहेगी नजर हार्दिक IPL के बाद BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब और ट्रेनिंग कर रहे हैं। जून में रिपोर्ट के मुताबिक, वह बैक स्पैज्म से उबरने की कोशिश कर रहे थे। बाद में उन्हें क्वाड्रिसेप्स इंजरी की समस्या भी हुई, जिसके कारण वह भारत के हालिया मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं हो सके। हार्दिक को जून में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भी फिटनेस क्लीयरेंस की शर्त पर चुना गया था, लेकिन नई चोट की समस्या के कारण वह उस सीरीज से बाहर हो गए। अब ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ उन्हें एक बार फिर वनडे टीम में जगह मिली है। भारत के लिए हार्दिक का आखिरी मुकाबला मार्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल था। पडिक्कल मल्टी-डे टेस्ट टीम के कप्तान देवदत्त पडिक्कल को इंडिया-A की मल्टी-डे टीम की कप्तानी सौंपी गई है। साई सुदर्शन उनके डिप्टी होंगे। टीम में अमन मोहाड़े, आयुष पांडे, यश राठौड़ और शेख रशीद जैसे बल्लेबाज शामिल हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी कुमार कुशाग्र और नारायण जगदीशन संभालेंगे। ऑलराउंडर शम्स मुलानी और तनुष कोटियान के अलावा तुषार देशपांडे, अंशुल कंबोज, प्रफुल हिंगे, नचिकेत भुटे और वी. वैशाख गेंदबाजी विकल्प हैं। वैशाख को भी फिटनेस के आधार पर टीम में शामिल किया गया है। गायकवाड़ वनडे टीम के कप्तान तीन मैचों की वनडे सीरीज में ऋतुराज गायकवाड़ इंडिया-A की कप्तानी करेंगे। देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान होंगे। टीम में साई सुदर्शन, प्रियांश आर्या, रजत पाटीदार और नमन धीर जैसे बल्लेबाज हैं। निशांत सिंधु, विप्रज निगम और अर्शिन कुलकर्णी ऑलराउंड विकल्प हैं। विकेटकीपिंग के लिए कुमार कुशाग्र और प्रभसिमरन सिंह को चुना गया है। हार्दिक पंड्या के अलावा अर्शद खान, गुरजपनीत सिंह और यश ठाकुर तेज गेंदबाजी के विकल्प हैं। तीन खिलाड़ियों को पहली बार मौका ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ मल्टी-डे टीम में तीन खिलाड़ियों को पहली बार मौका मिला है। टीम में अमन मोक्हाड़े, आयुष पांडे और शेख रशीद जैसे युवा बल्लेबाज शामिल हैं। इंडिया-A की इस सीरीज का मकसद युवा खिलाड़ियों को लंबे और सफेद गेंद वाले फॉर्मेट में मैच एक्सपोजर देना है।
————–
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
ICC वनडे रैंकिंग में भारत नंबर-1 बरकरार:116 रेटिंग के साथ न्यूजीलैंड से 7 अंक आगे; ऑस्ट्रेलिया तीसरे नंबर पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ताजा वनडे टीम रैंकिंग में भारत ने नंबर-1 की स्थिति बरकरार रखी है। भारतीय टीम 33 मैचों में 3,841 पॉइंट्स और 116 रेटिंग के साथ टॉप पर है। न्यूजीलैंड 109 रेटिंग के साथ दूसरे, ऑस्ट्रेलिया 102 रेटिंग के साथ तीसरे और साउथ अफ्रीका 102 रेटिंग के साथ चौथे नंबर पर है। पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *