अमृत योजना 2.0 के तहत कर्रही रोड बर्रा में सीवर लाइन बिछाने का कार्य 15 मई शुक्रवार को शुरू कर दिया गया। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने क्षेत्र में 13 जून तक डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी है। यह कार्य शरही चौराहा से नौबस्ता बंबा (हमीरपुर रोड) तक कराया जाएगा। निर्माण कार्य के दौरान इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस तरह से रहेगा डायवर्जन यातायात विभाग के अनुसार श्री कामेश्वर बाबा धाम मंदिर चौराहा से नौबस्ता बंबा की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इस मार्ग से जाने वाले वाहन वैकल्पिक रास्तों का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। नौबस्ता बंबा (हमीरपुर रोड) से शरही चौराहा कर्रही रोड बर्रा की ओर आने वाले वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा। यहां से आने वाले वाहनों को बाएं मुड़कर दूसरे मार्गों से होकर गुजरना होगा। यातायात पुलिस का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान लोगों को असुविधा से बचाने के लिए ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही प्रमुख चौराहों और डायवर्जन प्वाइंट्स पर संकेतक बोर्ड भी लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर 9305104340 व 9305104387 पर संपर्क किया जा सकता है।


