सिरसा जिले के कागदाना गांव में एक और नशा सप्लायर करने वाले युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया गया। उक्त युवक ने घर की छत पर गाटरों में नशीली गोलियों के पत्ते छिपा रखे थे और वह युवाओं को खुलेआम बेचता था। इसकी भनक ग्रामीणों को लग गई। इसके बाद नजदीकी थाना पुलिस को सूचना दी, पर उनकी कार्रवाई से असंतुष्टि नजर आए। ग्रामीणों ने पहले उक्त युवक के घर पर 100 रुपए देकर बोगस ग्राहक भेजा था और उसे गाेलियां खरीदने के लिए 100 रुपए दिए। सप्लायर ने बोगस ग्राहक को नशीली गोलियां बेची और कहा, बाकी बाद में ले जाना। इसके बाद गांव की संघर्ष समिति की टीम उक्त युवक के घर पहुंची तो उसने कमरे की छत में नशीली दवाइयां छिपा रखी थी। छत से एक के बाद एक कई गोलियों के पत्ते मिले। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उक्त युवक के घर से प्रतिबंधित दवाइयों के पत्ते मिलते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस सही ढंग से कार्रवाई नहीं कर रही और न ही समय में आती है। ऐसे में वह आज मंगलवार को सिरसा एसपी से मिलेंगे और गांव में नशे से हालात और नशेड़ियों पर कार्रवाई न करने पर समस्या से अवगत कराएंगे। पुलिस को सूचना दी तो कहा, डायल 112 को बुलाया करो संघर्ष समिति कागदाना की टीम का कहना है कि जब नशा बेचने वाले की सूचना संबंधित नजदीकी कागदाना पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने जवाब में कहा, इसकी सूचना पहले डायल 112 को दिया करो। बार-बार हमें मत बताया करो। पुलिस ही उनसे सवाल-जवाब करने लगी कि कितनी गोलियां पकड़ी है और कहां मिला है। टीम के अनुसार, गांव के युवा और बुजुर्गों ने मिलकर ये समिति बनाई है, ताकि गांव में नशा को रोका जा सके और युवाओं की जिंदगी को बचाया जा सके। मगर पुलिस उनको पूरा सहयोग नहीं कर रही। इससे टीम पर दबाव रहता है और परिवार की जान को खतरा रहा है। नशीली दवाएं लेने आया नशेड़ी, ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा कागदाना गांव में सोमवार और रविवार रात को भी पांच युवकों को नशा बेचते पाए जाने पर पकड़ा था। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर व पूछताछ के बाद उनको छोड़ दिया। इसका वीडियो भी सामने आया था। एक रविवार रात करीब 11 से साढ़े 11 बजे का है और चार युवक पड़े में जाते हैं और चारों ही गांव कागदाना के हैं। इसके अलावा सोमवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे भी एक युवक गांव में नशा बेचते हुए गांव वालों ने पकड़ लिया, उसे भी पुलिस के हवाले कर दिया है।


