पंजाब की राजनीति में आने से तौबा कर गए दिलजीत दोसांझ, बोले- एंटरटेन करने में खुश हूं

पंजाब की राजनीति में आने से तौबा कर गए दिलजीत दोसांझ, बोले- एंटरटेन करने में खुश हूं

Diljit Dosanjh New Face Of Punjab Politics: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लेकिन इस बार वजह कोई फिल्म या गाना नहीं बल्कि राजनीति को लेकर दिया गया उनका बयान है। पंजाब की राजनीति में उन्हें नया चेहरा बनाने की मांग उठी, तो दिलजीत ने बेहद साफ और सादगी भरे अंदाज में जवाब दिया कि उनका काम सिर्फ एंटरटेनमेंट करना है और वो अपनी दुनिया में बेहद खुश हैं।

राजनीति में आने की उठी मांग (Diljit Dosanjh New Face Of Punjab Politics)

हाल ही में पंजाब के कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं, रिटायर्ड अफसरों और पूर्व सैनिकों ने दिलजीत दोसांझ से राजनीति में आने की अपील की थी। उनका मानना था कि दिलजीत पंजाब की नई सोच और नई उम्मीद बन सकते हैं। कई लोगों ने कहा कि जिस तरह दिलजीत दुनिया भर में पंजाब की संस्कृति और पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं, उसी तरह वह राजनीति में भी बदलाव ला सकते हैं।

पंजाब के बड़े अखबार के एक आर्टिकल में उन्हें पंजाब की राजनीति का नया चेहरा बताए जाने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर बहस शुरू हो गई। कुछ लोगों ने उनका समर्थन किया, तो कई फैंस को डर था कि राजनीति में आने के बाद उनका पसंदीदा कलाकार कहीं फिल्मों और संगीत से दूर न हो जाए।

दिलजीत ने दिया सीधा जवाब (Diljit Dosanjh New Face Of Punjab Politics)

दिलजीत दोसांझ ने इस पूरे मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए साफ कर दिया कि राजनीति उनका रास्ता नहीं है। उन्होंने पंजाबी में जवाब देते हुए कहा कि वो कभी राजनीति में नहीं आएंगे क्योंकि उनका असली काम लोगों का मनोरंजन करना है।

दिलजीत के इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस ने राहत की सांस ली। कई यूजर्स ने कहा कि राजनीति की दुनिया बहुत अलग और विवादों से भरी होती है, ऐसे में दिलजीत का अपने काम पर फोकस रखना सही फैसला है।

दुनियाभर में फैली है दिलजीत की लोकप्रियता

दिलजीत दोसांझ सिर्फ पंजाब ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में अपनी खास पहचान बना चुके हैं। संगीत से लेकर फिल्मों तक उन्होंने अपनी मेहनत से अलग मुकाम हासिल किया है। पंजाबी इंडस्ट्री के साथ-साथ हिंदी फिल्मों में भी उनकी मजबूत फैन फॉलोइंग है।

हाल ही में दिलजीत ने इंटरनेशनल शो में भी भारत और पंजाब का नाम रोशन किया। वो मशहूर अमेरिकी शो ‘द टूनाइट शो जिमी फेलन’ में नजर आए, जहां उन्होंने भारतीयों और खासतौर पर पंजाबी समुदाय के संघर्ष और इतिहास पर खुलकर बात की।

कनाडा में भारतीयों के संघर्ष का किया जिक्र

दिलजीत ने शो में बताया कि एक समय ऐसा था जब भारतीयों को कनाडा में प्रवेश तक नहीं करने दिया जाता था। उन्होंने कामागाटामारू कांड का जिक्र करते हुए कहा कि आज उसी जगह के पास हजारों लोग उनके शो में पहुंचते हैं, जो भारतीय समुदाय के लिए गर्व की बात है।

उनकी बातों ने दुनियाभर में बसे पंजाबी और भारतीय लोगों का दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा कि दिलजीत सिर्फ कलाकार नहीं बल्कि अपनी संस्कृति की आवाज बन चुके हैं।

खालिस्तानी झंडों पर भी दिया था जवाब

कुछ समय पहले दिलजीत उस वक्त भी चर्चा में आए थे जब उनके एक कॉन्सर्ट में कुछ लोग खालिस्तान समर्थक झंडे लहराने लगे थे। इस दौरान दिलजीत ने मंच से कहा था कि अगर किसी को उनसे शिकायत है तो झंडे लहराते रहो, लेकिन वह अपने काम और अपनी सोच के साथ आगे बढ़ते रहेंगे। उनके इस बयान की काफी चर्चा हुई थी। कई लोगों ने उनके शांत और संतुलित रवैये की तारीफ की थी।

आने वाली फिल्मों में दिखेंगे दिलजीत

वर्कफ्रंट की बात करें तो दिलजीत दोसांझ पिछली बार पंजाबी फिल्म सरदार जी 3 और हिंदी फिल्म बॉर्डर 2 में नजर आए थे। आने वाले समय में वह निर्देशक इम्तियाज अली खान की फिल्म ‘मैं वापस आउंगा’ में दिखाई देंगे।

इसके अलावा वह अपने म्यूजिक टूर और लाइव कॉन्सर्ट्स में भी लगातार व्यस्त हैं। यही वजह है कि दिलजीत फिलहाल राजनीति से दूरी बनाकर सिर्फ अपने फैंस का मनोरंजन करना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *