कैथल में हरियाणा सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के डीजीपी अशविंद्र सिंह चावला ने कहा कि जल्द ही भ्रष्टचार की शिकायत करने के लिए एसीबी की ओर से एक एप लांच किया जाएगा। इस एप पर कोई भी व्यक्ति सीधे तौर पर भ्रष्टचार की शिकायत कर सकेगा। लिखित और वीडियो के माध्यम से केवल एक बटन दबाने से शिकायत उनकी टीम तक पहुंच जाएगी, जिस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा। इस एप में सिक्रेसी का विशेष ध्यान रखा जाएगा, जब तक मामला क्लीयर नहीं होगा, तब तक किसी की डिटेल बाहर नहीं जाएगी। डीजीपी अशविंद्र सिंह चावला कैथल में एसीबी कार्यालय में पहुंचे थे। उनके साथ अंबाला एसीबी एसपी पांखुरी कुमार भी कैथल पहुंची। एसीबी कार्यालय में की प्रेसवार्ता एसीबी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में डीजीपी ने कहा कि वे पूरे हरियाणा में जाकर भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए कार्य कर रहे हैं। साथ ही अधिकारियों से इसकी फीडबैक भी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए एसीबी की ओर से जल्द ही एक एप लांच की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से जाना कि हैडक्वार्टर की ओर से उनको भ्रष्टाचार के विरोध में क्या लक्ष्य दिया गया था और कहां तक उसे हासिल किया है। बिना पैसे काम नहीं करने वाले अधिकारी टारगेट डीजीपी ने कहा कि एसीबी की सोच है कि जो अधिकारी बिना पैसा काम करने के लिए तैयार नहीं होते, सबसे पहले उनको धरने का प्रयास किया जाए। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत एसीबी को दें। कैथल टीम की प्रशंसा की उन्होंने कैथल एसीबी की टीम द्वारा पांच महीने में पांच आरोपियों को पकड़ने के चलते उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति उनके साथ व्यक्तिगत सूचना भी साझा करेगा तो उसे भी पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। जो लोग भ्रष्ट अधिकारियों को पकड़वाने में सहयोग करते हैं, उनको भी सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने एसीबी कार्यालय में पौधरोपण भी किया।


