DGP की अपराधियों को चेतावनी-गन का जवान गन से मिलेगा:गुरुग्राम-पंचकूला में एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड बनाएं, नए थाने का उद्घाटन करने पहुंचे थे

DGP की अपराधियों को चेतावनी-गन का जवान गन से मिलेगा:गुरुग्राम-पंचकूला में एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड बनाएं, नए थाने का उद्घाटन करने पहुंचे थे

गुरुग्राम के सेक्टर 17-18 में बने नव निर्मित पुलिस थाने का उद्घाटन करने पहुंचे हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। डीजीपी ने कहा कि यदि कोई अपराधी पुलिस पर गन उठाएगा या आम जनता में दहशत फैलाने की कोशिश करेगा, तो पुलिस भी इसका जवाब गन से ही देगी। उन्होंने कहा कि राज्य में आतंकवाद और संगठित अपराध जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष एटीएस (एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड) थानों की स्थापना की गई है, जिसमें पंचकुला और गुरुग्राम के विशेष थाने शामिल हैं। साइबर फ्रॉड पर सख्ती साइबर फ्रॉड को एक नई चुनौती और सीमाहीन अपराध बताते हुए डीजीपी ने कहा कि हरियाणा पुलिस साइबर अपराध से निपटने में देश भर में अग्रणी काम कर रही है। राज्य पुलिस के रिकवरी और अकाउंट ब्लॉकिंग रेट को देश में सबसे बेहतर बताते हुए उन्होंने करनाल का एक उदाहरण साझा किया। पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है
करनाल में एक ज्वैलर का व्हाट्सएप हैक कर एक करोड़ रुपये की ठगी का प्रयास किया गया था, लेकिन पीड़िता द्वारा 5 मिनट के भीतर 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने से पुलिस ने पूरे एक करोड़ रुपये सुरक्षित बचा लिए।
पुलिस इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत किया डीजीपी ने कहा कि साइबर अपराधों और विदेश में बैठे गैंगस्टर द्वारा दी जाने वाली धमकियों से निपटने के लिए पुलिस अभय ऐप, 112 ERSS और 1930 जैसी सहायता सेवाओं को मजबूत कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन या रातों-रात पैसे दोगुने करने वाले झांसों में न आएं। किसी भी निवेश या अनजान ऑफर में शामिल होने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें और सतर्क रहें। -लॉ एंड ऑर्डर कंपनियों की तैयारियों का लिया जायजा पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में लॉ एंड ऑर्डर कंपनियों द्वारा विशेष डेमो प्रस्तुत किया गया। पुलिस महानिदेशक ने विभिन्न कंपनियों की तैयारियों, अनुशासन एवं कार्यक्षमता का निरीक्षण किया। इस प्रदर्शन में ईस्ट, वेस्ट, साउथ, मानेसर, मुख्यालय तथा महिला लॉ एंड ऑर्डर कंपनी के जवानों ने भाग लिया। डेमो के माध्यम से विभिन्न परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैयारियों एवं समन्वय का प्रदर्शन किया गया। कानून-व्यवस्था पर अहम बैठक इसके पश्चात पुलिस महानिदेशक ने कमिश्नरेट कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस आयुक्त, सभी पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त तथा थाना प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में गुरुग्राम की वर्तमान पुलिसिंग व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिस की कार्यप्रणाली तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को प्रभावी पुलिसिंग, बेहतर समन्वय तथा नागरिकों की शिकायतों के प्रभावी एवं संवेदनशील निवारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों से किया संवाद इसके बाद पुलिस महानिदेशक पुलिस लाइन पहुंचे, जहां कम्युनिटी हॉल में आयोजित वेलफेयर मीटिंग के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की कार्य परिस्थितियों, कल्याण, सुविधाओं तथा अन्य संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। पुलिस महानिदेशक ने पुलिसकर्मियों के परिवारों से भी मुलाकात की और उनकी अपेक्षाओं एवं कल्याण से जुड़े विषयों पर संवाद किया। उन्होंने HPHC गेस्ट हाउस में पुलिसकर्मियों के परिवारों से बातचीत करते हुए पुलिस बल के साथ-साथ उनके परिवारों के कल्याण को भी महत्वपूर्ण बताया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *