नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने उड़ानों में पावर बैंक के एक विशेष मॉडल के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। डीजीसीए ने 29 सितंबर को जारी एक सूचना में पावर बैंक में आग लगने की हाल की घटना का हवाला देते हुए ‘मोबिकिन्स एमके-पीबी-04’ पावर बैंक को ले जाने और उपयोग करने पर रोक लगा दी है। इस घटना के विस्तृत ब्योरे या पावर बैंक बनाने वाली कंपनी के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल सकी है।
डीजीसीए ने कहा कि पावर बैंक में आग लगने की हाल की घटना और उससे जुड़े संभावित सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए इसे भारत से आने-जाने वाली या देश के भीतर संचालित किसी भी उड़ान में विमान पर ले जाने या उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी। यह प्रतिबंध यात्रियों के सामान (पंजीकृत और केबिन सामान सहित) तथा माल के रूप में ले जाने पर भी लागू होगा। उड़ानों में पावर बैंक में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आई हैं।
सूत्रों के अनुसार, 11 अक्टूबर को चेन्नई जा रहे इंडिगो के एक विमान में ऊपर सामान रखने वाली जगह पर रखे एक यात्री के पावर बैंक में आग लग गई थी। इसके बाद विमान का मार्ग बदलकर उसे हैदराबाद हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया।

