Delhi News: द्वारका में रक्षा मंत्रालय की 30 वर्षीय महिला अधिकारी की संदिग्ध मौत, पति-ससुराल वालों पर FIR

Delhi News: द्वारका में रक्षा मंत्रालय की 30 वर्षीय महिला अधिकारी की संदिग्ध मौत, पति-ससुराल वालों पर FIR

पश्चिमी दिल्ली के द्वारका क्षेत्र के भरथल गांव में रक्षा मंत्रालय में तैनात 30 वर्षीय महिला अधिकारी नाजिया खानम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नाजिया खानम रक्षा मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं। मामले में द्वारका जिला पुलिस ने उनके पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 और 108 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को मिली आत्महत्या की सूचना

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 4:21 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को भरथल गांव में एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सेक्टर-23 द्वारका थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। मामले में मृतका के परिवार और ससुराल पक्ष से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इसे भी पढ़ें: Congress दफ्तर के बाहर क्यों लगे Rahul Gandhi के Batman वाले पोस्टर?

शादी के सिर्फ 4 महीने बाद हुई मौत

पुलिस के अनुसार, नाजिया खानम की शादी इसी साल 11 अप्रैल को मोहम्मद आजम अली खान के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के महज करीब चार महीने बाद उनकी मौत होने के कारण पुलिस ने मामले की जानकारी संबंधित एसडीएम को दी।

इसके बाद महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डीडीयू अस्पताल के शवगृह भेजा गया। कम समय पहले हुई शादी को देखते हुए मामले में मजिस्ट्रेट स्तर की कार्रवाई भी की गई।

पहले परिजनों ने नहीं जताया था संदेह

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को शुरुआती पूछताछ के दौरान मृतका के परिजनों ने एसडीएम के सामने दिए गए लिखित बयान में किसी तरह का संदेह या आरोप नहीं लगाया था।

हालांकि, अगले दिन 22 अगस्त को मृतका के परिजन दोबारा एसडीएम के सामने पेश हुए और एक नई शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत में उन्होंने नाजिया के पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर प्रताड़ना समेत कई गंभीर आरोप लगाए।

इसे भी पढ़ें: भारत बनेगा पोत निर्माण का वैश्विक केंद्र, Rajnath Singh ने बंगाल में 3,500 करोड़ की योजनाओं की रखी नींव

पति और ससुराल वालों के खिलाफ FIR

परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद द्वारका जिला पुलिस ने मृतका के पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ BNS की धारा 85 और 108 के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *