दमोह देहात थाना क्षेत्र के सागर नाका चौकी अंतर्गत खेजरा स्थित रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार देर रात एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान पथरिया फाटक निवासी अमन जाटव (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों की सूचना पर सागर नाका चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। हल्की बारिश के बीच पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई की। शव को रात में ही जिला अस्पताल के शव गृह में सुरक्षित रखवाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की मौत किसी ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक रेलवे ट्रैक पर क्यों पहुंचा था। मामले की जांच के लिए सागर नाका चौकी के प्रधान आरक्षक सत्येंद्र दुबे और नीरज श्रीवास्तव सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।


