ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में एक बंद कमरे से युवक और युवती की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों किराए के मकान में पति-पत्नी बनकर रह रहे थे। बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दोनों के शव बरामद किए। शुरुआती जांच में हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर गांव में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। यहां एक किराए के मकान में रह रहे युवक और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब आसपास रहने वाले लोगों को कमरे से तेज बदबू आने लगी। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
कमरे का दरवाजा तोड़ा अंदर का दृश्य देख लोग रह गए हैरान
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे में युवक का शव पंखे से लटका हुआ था। जबकि युवती का शव जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके की जांच कराई।
मृतकों की पहचान गुड्डू पासवान उर्फ गोलू (30) और उसकी लिव-इन पार्टनर ज्योति (24) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले करीब तीन साल से साथ रह रहे थे। आसपास के लोगों को खुद को पति-पत्नी बताते थे। युवक बेरोजगार था। जबकि युवती एक निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करती थी। लेकिन वह पिछले करीब 20 दिनों से काम पर नहीं जा रही थी।
दोनों के बीच आए दिन पैसों को लेकर होता झगड़ा
पड़ोसियों के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर पैसों को लेकर झगड़ा होता रहता था। युवक की बेरोजगारी और युवती के काम छोड़ देने के बाद घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया था, जिससे तनाव बढ़ गया था। आसपास के लोगों ने यह भी बताया कि पिछले दो दिनों से दोनों को किसी ने नहीं देखा था। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत करीब दो दिन पहले हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद आत्महत्या की बात आई सामने
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का लग रहा है। लेकिन अभी सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। दोनों के परिवारों को सूचना दे दी गई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।


