सोमवार शाम डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने थाना रेउना और घाटमपुर का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थानों के अभिलेखों, लंबित विवेचनाओं, अपराध नियंत्रण और जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति परखी। साथ ही क्षेत्र के लोगों से बातचीत कर पुलिस की कार्यप्रणाली का फीडबैक लिया और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने थाना कार्यालय में रखे अपराध रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, बीट रजिस्टर, जीडी समेत अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और समय से अपडेट करने के निर्देश दिए। थाना परिसर की साफ-सफाई, लंबित विवेचनाओं, वारंट और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अपराध नियंत्रण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को प्रभावी कानून व्यवस्था बनाए रखने, जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने और आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। इसके बाद डीसीपी ने थाना रेउना क्षेत्र की चौकी शाखा जनवारा और गिरसी के प्रस्तावित निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि की उपलब्धता, निर्माण की संभावनाओं और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने क्षेत्रीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने नागरिकों से संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास बनाए रखने पर जोर दिया।

