Damoh News: ‘पापा उठो…’ जिस उम्र में पिता की उंगली पकड़कर चलना था, उस उम्र में मासूम ने पिता को दी मुखाग्नि

Damoh News: ‘पापा उठो…’ जिस उम्र में पिता की उंगली पकड़कर चलना था, उस उम्र में मासूम ने पिता को दी मुखाग्नि

Damoh son cremates father: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के हटा में एक हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया। घटना शहर के गांधी वार्ड की है यहां एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे एक व्यक्ति की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक घर में अकेला कमाने वाला था, वो अपने पीछे पत्नी व दो मासूम बच्चे छोड़ गया है। शनिवार को जब श्मशान घाट में पिता की चिता को डेढ़ साल के बेटे ने मुखाग्नि दी तो हर किसी की आंखें नम हो गई।

स्लैब ढलाई के दौरान हादसा

शरद गांधी वार्ड स्थित एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने पहुंचे 32 वर्षीय शरद नामदेव तीसरी मंजिल पर स्लैब डालने के दौरान ऊपर से गुजरी हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

damoh
इसी निर्माणाधीन मकान में हादसा हुआ

अंतिम संस्कार के लिए समाजसेवियों ने जुटाई राशि
शरद की मौत के बाद पत्नी प्रियंका के सामने अपने दो मासूम बच्चों की परवरिश का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। हालत यह थी कि अंतिम संस्कार के लिए भी पर्याप्त राशि नहीं थी। घटना की जानकारी सामने आने के बाद नगर के समाजसेवियों ने आर्थिक सहयोग जुटाकर पीड़ित परिवार की मदद की, जिसके बाद अंतिम संस्कार संपन्न हो सका।

मासूम ने पिता को दी मुखाग्नि

जिस उम्र में बच्चे अपने पिता की उंगली पकड़कर चलना सीखते हैं, उसी उम्र में शरद के डेढ़ वर्षीय मासूम बेटे ने जब उन्हें मुखाग्नि दी तो श्मशान घाट में मौजूद हर व्यक्ति के आंसू छलक पड़े। 32 वर्षीय शरद अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, जो मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। घटना के बाद शरद के परिजनों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि भवन के ऊपर से विद्युत लाइन निकली है, निर्माण शुरू करने से पहले बंद अथवा स्थानांतरित नहीं कराया गया। मजदूरों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए थे। परिजनों ने भवन निर्माण की अनुमति को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

damoh news
पुलिस को आवेदन देते वक्त बिलखते परिजन

जांच और रोजगार की मांग

मृतक की पत्नी प्रियंका नामदेव ने हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी को पुलिस अधीक्षक दमोह के नाम आवेदन सौंपकर मामले की जांच और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवचरण पटेल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार ने शासन से आर्थिक सहायता के साथ पत्नी को नगर पालिका में रोजगार देने की गुहार लगाई है, ताकि बच्चों का पालन-पोषण हो सके। मामले में हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने बताया कि परिजनों का आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *