Sunil Gavaskar warns CSK: सुनील गावस्कर का मानना है कि IPL 2026 में CSK का सबसे कमजोर पक्ष उनकी गेंदबाजी है। अगर, इसे जल्द नहीं सुधारा गया तो उन्हें के पूरे सीजन अपनी बॉलिंग को लेकर संघर्ष करना पड़ सकता है।
Sunil Gavaskar warns CSK: आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में शुक्रवार रात अपने होम ग्राउंड में चेन्नई सुपर किंग्स को 200+ स्कोर बनाने के बावजूद पंजाब किंग्स के हाथों पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। इस मुकाबले में एक बार फिर सीएसके की गेंदबाजी की पोल खुल गई। भारत के पूर्व बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2026 के पूरे सीजन में अपनी बॉलिंग को लेकर संघर्ष करना पड़ सकता है।
209 के स्कोर का बचाव भी नहीं कर पाए सीएसके के गेंदबाज
बता दें कि सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आयुष म्हात्रे के 73 रनों की शानदार पारी के साथ शिवम दुबे और सरफराज खान के उपयोगी कैमियो की मदद से पांच विकेट पर 209 रन बनाए। लेकिन, उसके गेंदबाज इस स्कोर का बचाव करने में नाकाम रहे, क्योंकि पंजाब किंग्स ने पांच विकेट शेष रहते आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
बल्लेबाजों पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है कमजोर बॉलिंग अटैक
गावस्कर ने कहा कि सीएसके का कमजोर बॉलिंग अटैक बल्लेबाजों पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है। स्टार स्पोर्ट्स के एक शो में गावस्कर ने कहा कि अब तक हमने जो देखा है, उसके आधार पर सीएसके के लिए टूर्नामेंट के बाकी मैचों में सबसे बड़ी चिंता उनकी बॉलिंग होगी। इसका मतलब है कि उन्हें अपने गेंदबाजों को मौका देने के लिए लगातार 225-230 के आसपास रन बनाने होंगे।
‘सीएसके को अपनी बॉलिंग ठीक करनी होगी’
गावस्कर ने कहा कि अब ज्यादातर टीमों के पास बैटिंग में काफी गहराई है, जैसा कि हमने पंजाब किंग्स के मामले में देखा, जहां मार्कस स्टोइनिस नंबर 7 पर बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने बेहतरीन क्रिकेटिंग शॉट्स खेलते हुए गेंद को ज़ोरदार तरीके से हिट किया। कई टीमों के पास बैटिंग में गहराई होने के कारण, चेन्नई को अपनी बॉलिंग को ठीक करना होगा।
पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर
चेन्नई सुपर किंग्स पिछले सीजन में पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही थी, जो उनके इतिहास में पहली बार हुआ था। इस बार भी उनकी शुरुआत कुछ खास नहीं रही है। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत राजस्थान रॉयल्स के हाथों आठ विकेट की हार के साथ की, जिसने 128 रनों का लक्ष्य 47 गेंदें शेष रहते ही हासिल कर लिया था। इसके बाद सीएसके को पंजाब के खिलाफ एक और हार का सामना करना पड़ा है। वे इस समय -2.562 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे हैं, जो सभी 10 टीमों में सबसे खराब है।
Sports – Patrika | CMS


